उत्तरकाशी
रिपोर्ट बालकराम नौटियाल
कृषि विज्ञान केंद्र, उत्तरकाशी द्वारा भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के मार्गदर्शन में 29 मई से 12 जून 2025 तक विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह अभियान जनपद उत्तरकाशी के मोरी, डुंडा, पुरोला, नौगांव, राजगढ़ी, भटवाड़ी एवं चिन्यालीसौड़ विकासखंडों के कुल 158 गांवों में सहयोगी विभागों के साथ मिलकर चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों में जागरूकता फैलाना था, जिससे वे फसलों में होने वाले नुकसान को कम कर सकें, नवीन तकनीकों को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकें, तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की कृषि व पशुपालन संबंधी योजनाओं का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के दौरान खरीफ फसलों की वैज्ञानिक खेती, प्राकृतिक खेती, पशुपालन आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक गांव में कृषक गोष्ठियाँ, जागरूकता कार्यक्रम, फील्ड विजिट्स और प्रदर्शनियाँ आयोजित की गईं। कृषि विज्ञान केंद्र ,उत्तरकाशी की टीम पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ इस कार्य को सफल बनाने में जुटी रही, वहीं किसानों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। इस दौरान किसानों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया, उनके समाधान सुझाए गए, और महत्वपूर्ण फीडबैक भी एकत्र किया गया, जिसे भविष्य की कार्ययोजनाओं में सम्मिलित किया जाएगा।यह अभियान कृषक सशक्तिकरण, कृषि नवाचार और आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में उत्तरकाशी जनपद में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ है।
Social Plugin